
जमशेदपुर: सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समन्वय को बढ़ावा देने वाली संस्था भारत भारती के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने के लिए जमशेदपुर से प्रतिनिधिमंडल पुणे के लिए रवाना हो गया। इस प्रतिनिधिमंडल में सुशील कुमार सिंह, राजीव रंजन, प्रमोद कुमार, अजय सिंह, सुनील राय एवं रजत डे शामिल हैं।

भारत भारती संस्था देश के विभिन्न राज्यों के लोगों के बीच आपसी भाईचारा, सांस्कृतिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य देश के प्रमुख शहरों में “लघु भारत” की अवधारणा को साकार करना है, जहां विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और खान-पान की विविधता के बावजूद लोग एक परिवार की तरह मिल-जुलकर रहें।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1947 में स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद जिस प्रकार सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की छोटी-बड़ी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी, उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए भारत भारती विभिन्न राज्यों के लोगों के बीच सामाजिक और सांस्कृतिक समन्वय स्थापित करने का कार्य कर रही है।
पुणे में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि संगठन के विस्तार, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय स्तर पर जनसहभागिता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही आगामी कार्ययोजना एवं विभिन्न सामाजिक अभियानों पर भी चर्चा की जाएगी।
जमशेदपुर से रवाना हुए प्रतिनिधियों ने कहा कि इस राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने से उन्हें देशभर के प्रतिनिधियों के साथ अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा तथा संगठन की गतिविधियों को झारखंड में और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की नई दिशा प्राप्त होगी। प्रतिनिधिमंडल ने अधिवेशन की सफलता की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।







































