
नई दिल्ली। महिला फुटबॉल के विकास और देश की बेटियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से वुमेन्स फुटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFFI) ने अपनी गतिविधियों को और गति दे दी है। संगठन की एग्जीक्यूटिव कमेटी के वाइस चेयरमैन एवं मीडिया/पीआर कमेटी के चेयरमैन श्री संदीप मारवाह के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद महासंघ ने अपने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाए हैं।

बैठक में महिला फुटबॉल के प्रचार-प्रसार, उभरती प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने तथा आगामी राष्ट्रीय आयोजनों को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसी क्रम में एग्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्य श्री वेद भूषण शर्मा के मार्गदर्शन में दिल्ली में आयोजित होने वाले आगामी महिला फुटबॉल टूर्नामेंट की रणनीतिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
इसके साथ ही अगले महीने मारवाह स्टूडियो में आयोजित होने वाले भव्य स्वागत समारोह की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है। इस कार्यक्रम में महिला फुटबॉल के विकास में योगदान देने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और खेल जगत से जुड़े विशिष्ट लोगों की भागीदारी प्रस्तावित है।
इस अभियान को मजबूती देने में पूर्व एसीपी (दिल्ली पुलिस) विवेक पांडे, तेजस्विनी तथा श्री वेद भूषण शर्मा जैसे अनुभवी व्यक्तित्व सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। महासंघ का मानना है कि अनुभवी नेतृत्व और सुनियोजित प्रयासों से भारत में महिला फुटबॉल को नई दिशा और नई पहचान मिलेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने देशवासियों से किया सहयोग का आह्वान
WFFI के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मुकेश शर्मा ने कहा कि आज भारत में मातृशक्ति कही जाने वाली बेटियों को आगे बढ़ाने का समय है और महिला फुटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया इसी उद्देश्य के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि महासंघ देशभर की उभरती प्रतिभाशाली बच्चियों को ऐसा मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां से वे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का प्रतिनिधित्व कर सकें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बेटी में प्रतिभा है, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर की है। WFFI इसी लक्ष्य के साथ लगातार कार्य कर रहा है ताकि भारत की बेटियां विश्व फुटबॉल में अपनी अलग पहचान बना सकें।
श्री मुकेश शर्मा ने अभिभावकों और समाज से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें और महिला फुटबॉल के इस अभियान में सहयोग दें। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से देश की अनेक प्रतिभाशाली बच्चियां भविष्य में भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रोशन करेंगी।
महासंघ का मानना है कि दिल्ली में प्रस्तावित टूर्नामेंट और मारवाह स्टूडियो में आयोजित होने वाला स्वागत समारोह महिला फुटबॉल को नई गति देने के साथ-साथ देशभर की युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा।









































