
जमशेदपुर: सामाजिक संवेदनशीलता और मानवता का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए Murli College के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बाराद्वारी स्थित आशीर्वाद वृद्धाश्रम का भ्रमण किया। इस दौरान आयोजित सामाजिक सेवा कार्यक्रम ने वृद्धजनों के चेहरे पर मुस्कान ला दी और विद्यार्थियों को भी जीवन के महत्वपूर्ण अनुभवों से रूबरू कराया।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और उनके साथ समय बिताया। छात्रों ने गीत-संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बातचीत के माध्यम से बुजुर्गों का मनोरंजन किया। इस भावनात्मक माहौल में वृद्धजन भी काफी प्रसन्न नजर आए और उन्होंने विद्यार्थियों को स्नेह व आशीर्वाद दिया।
Murli College परिवार की ओर से वृद्धाश्रम में फल, बिस्कुट, दैनिक उपयोग की सामग्री समेत अन्य आवश्यक वस्तुएँ भी भेंट की गईं। विद्यार्थियों ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा करना केवल सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि नैतिक कर्तव्य भी है।
कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के भीतर मानवता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। कॉलेज भविष्य में भी समाजसेवा और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
इस अवसर पर Murli College कॉलेज के निर्देशक पी.के. मुरली, शिक्षिका मालती साहू, शिक्षक सुदीप दत्ता, छवि कुमारी सहित छात्र-छात्राएँ अर्पित कुमार, ऋषिकेश, गोलू, ध्रुवी, आर्यन, संदीप, स्नेहा, मिसाल, कनक, आरती, सलोनी, निहाल, साहिल, प्रीत कुमार और सुमित दत्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन वृद्धजनों के आशीर्वाद एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।










































