
जमशेदपुर: भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन, जिला पूर्वी सिंहभूम के तत्वावधान में रविवार, 28 जून 2026 को मानगो स्थित नेचर पार्क (रोड नंबर-15) में “सेवा ही परम धर्म” के संकल्प के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे से होगा।

यह जनहितकारी कार्यक्रम भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष एस. एन. पाल की पूजनीय माताश्री स्वर्गीय ईरा पाल की पुण्यतिथि की स्मृति में समाज सेवा और जनकल्याण की भावना से आयोजित किया जा रहा है।
नागरिकों को मिलेगी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा
शिविर में SIMS Hospital, रोड नंबर-2 की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी। इस दौरान लोगों की मधुमेह (शुगर) जांच, उच्च रक्तचाप (बीपी) जांच तथा जनरल फिजिशियन द्वारा स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
नशा मुक्ति और कानूनी जागरूकता पर होगा विशेष कार्यक्रम
आयोजन के दौरान रोशनी संस्थान की ओर से सामाजिक जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के प्रतिनिधि नशा मुक्ति, कानूनी अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों पर विशेष संबोधन देंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ और जागरूक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील
भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाएं तथा अपने परिवार और परिचितों को भी इस जनकल्याणकारी पहल से जोड़ें।
आयोजकों का कहना है कि “स्वस्थ रहें – निरोग रहें – नशामुक्त रहें” यही इस अभियान का मूल संदेश है। समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नशामुक्त वातावरण बनाने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।








































