
उम्मीद है कि गुड़ाबांदा प्रखंड के किसान इस अध्ययन दौरे से सीख लेकर जिले में बकरी पालन को एक नई दिशा देंगे… उपायुक्त

जमशेदपुर: जिला प्रशासन की पहल पर, गुड़ाबांदा प्रखंड के किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) से जुड़े कुल 20 प्रतिनिधि गुमला स्थित ‘बकरी ट्रस्ट’ के दो दिवसीय अध्ययन दौरे पर हैं।
28 और 29 अगस्त को होने वाले इस दो दिवसीय दौरे का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था में बकरी पालन को स्वरोजगार का एक सशक्त विकल्प बनाना और किसानों को बकरी पालन के आधुनिक प्रबंधन और विपणन की जानकारी प्रदान करना है।

दो दिवसीय भ्रमण के दौरान, प्रतिभागी यह जान सकेंगे कि ‘बकरी ट्रस्ट’ बकरी पालन सह बकरा विकास योजना का संचालन किस प्रकार करता है, बकरियों के रख-रखाव एवं स्वास्थ्य देखभाल के लिए कौन-कौन से आधुनिक तरीके अपनाए जाते हैं और किस प्रकार एक स्वस्थ नस्ल का विकास किया जा रहा है।
साथ ही, दवाओं, टीकाकरण एवं अन्य दवाओं के सही प्रयोग, बकरियों के विपणन की व्यवस्था और बेहतर बाजार प्रबंधन की प्रक्रिया की भी जानकारी प्राप्त करेंगे। इसके अलावा, यह भी बताया जाएगा कि यदि गुड़ाबांदा प्रखंड इस मॉडल को अपनाता है, तो ‘बकरी ट्रस्ट’ किस प्रकार तकनीकी एवं संस्थागत सहयोग प्रदान कर सकता है।

उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने एफपीओ प्रतिनिधियों के इस अध्ययन भ्रमण के बारे में कहा कि गुमला में ‘बकरी ट्रस्ट’ का मॉडल इस क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है और गुड़ाबांदा प्रखंड के किसान इस अध्ययन भ्रमण से सीख लेकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो सकेंगे।
इस भ्रमण के बाद, प्रतिभागी प्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त अनुभव एवं प्रशिक्षण को स्थानीय स्तर पर अन्य किसानों के साथ साझा किया जाएगा, जिससे पूरे प्रखंड में बकरी पालन गतिविधियों को संगठित रूप से बढ़ावा मिलेगा और विपणन व्यवस्था सुदृढ़ होगी।











































