
प्रेम, विश्वास और शक के त्रिकोण में उलझा एक रिश्ता… हुआ CRIME! प्रेमी बना जल्लाद, सोनिया की दर्दनाक हत्या की कहानी, मामला धर्मबांधा पुलिया, MGM थाना क्षेत्र, जमशेदपुर का है।

जहां प्रेम होना था, वहां शक ने डेरा जमा लिया। जहां विश्वास की नींव पर रिश्ता खड़ा होना चाहिए था, वहां अहंकार और पागलपन ने मौत की इबारत लिख दी। सोनिया सिंह सरदार और जयराम मुर्मू की प्रेम कहानी का अंत इतना भयानक होगा, किसी ने सोचा भी न था।
दो साल पहले एक-दूसरे को जीवनसाथी मान बैठे दो लोग, एक दिन ऐसे मोड़ पर पहुंचे कि प्रेमी ही बन गया कातिल।
जमशेदपुर शहर के MGM थाना क्षेत्र के धर्मबांधा पुलिया के पास नाले में एक युवती की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान सोनिया सिंह सरदार उर्फ चिंगड़ी (निवासी – रोड नंबर 5, शंकोसाई, थाना ओलीडीह) के रूप में हुई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया।

परिवार वालों के बयान और पुलिस जांच में सामने आया कि जयराम और सोनिया की शादी करीब दो साल पहले लव मैरिज के रूप में हुई थी, लेकिन वक्त के साथ विश्वास की डोर ढीली होती चली गई। सोनिया के दूसरे लड़कों से बात करने की बात ने जयराम को बेचैन कर दिया।
उस बेचैनी ने धीरे-धीरे शक का रूप लिया, और शक ने उसे एक प्रेमी से जल्लाद बना दिया।
CRIME: प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
मृतका की बहन रोमानी सिंह सरदार द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, सोनिया की हत्या के मामले में MGM थाना कांड संख्या 112/2025 दर्ज की गई। जांच के क्रम में पुलिस ने जयराम मुर्मू (उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी – बालीगुमा, एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में जयराम ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि सोनिया से उसकी शादी करीब दो साल पहले हुई थी, लेकिन हाल के दिनों में वह अन्य लड़कों से बातचीत करने लगी थी, जिससे वह नाराज था। इसी शक और गुस्से के चलते उसने खौफनाक साजिश रच डाली।
रात के सन्नाटे में – CRIME: हुई दर्दनाक हत्या
13 जुलाई की रात जयराम ने सोनिया का पीछा किया। लड़ाई भी हुई, फिर वह उसे बहलाकर उसकी दो सहेलियों के साथ सुनसान और अधबने मकान में ले गया। खाना भी खिलाया। लेकिन उसकी आंखों में प्रेम नहीं, साजिश की आग जल रही थी।
जब सब सो गए, तब उसने सोनिया को बाहर बुलाया, पीछे से उसे गले से पकड़ा, पहले ब्लेड से उसका गला रेता और फिर दावली से काट डाला। यही नहीं, हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर रस्सी से बांधा और साइकिल से खींचते हुए धर्मबांधा पुलिया के पास नाले में फेंक दिया।
एक प्रेमी से ऐसी क्रूरता? यह सिर्फ हत्या नहीं थी, यह विश्वास और रिश्ते की निर्मम हत्या थी।
पुलिस ने मौके से जब्त किए ये सामान:
- हत्या में प्रयुक्त लोहे की दावली
- ब्लेड, जिससे गला रेता गया
- रस्सी (करीब 7 फीट), जिससे शव को बांधा गया
- एटलस साइकिल, जिससे शव ढोया गया
- आरोपी के कपड़े और मोबाइल फोन
MGM थाना पुलिस की तत्परता और कुशल नेतृत्व में महज 24 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई। प्रेम संबंध में शक ने एक बार फिर एक जान ले ली और एक युवक को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।












































