
- पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर जमशेदपुर के होटल, मॉल, अस्पताल, विद्यालय और कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की सघन जांच शुरू की। छह विशेष टीमों ने किया औचक निरीक्षण।
जमशेदपुर: सार्वजनिक भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में विशेष जांच अभियान शुरू किया है। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत होटल, मॉल, अस्पताल, विद्यालय, आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों तथा कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है।

छह विशेष जांच दलों का किया गया गठन
अभियान का संचालन अनुमण्डल पदाधिकारी, धालभूम के नेतृत्व एवं पर्यवेक्षण में किया जा रहा है। इसके लिए कुल छह विशेष जांच दल गठित किए गए हैं। प्रत्येक टीम में परीक्ष्यमान उपसमाहर्ता, नगर निकायों के विशेष पदाधिकारी एवं सहायक नगर आयुक्त, सिटी मैनेजर, एक पुलिस पदाधिकारी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल किए गए हैं, ताकि निरीक्षण निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से किया जा सके।

इन प्रमुख प्रतिष्ठानों का हुआ निरीक्षण
जांच अभियान के दौरान शहर के कई प्रमुख संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया। इनमें शामिल हैं—
- होटल क्वालिटी इन (साकची)
- अल्कोर होटल (बिष्टुपुर)
- गंगा रेजिडेंसी (एमजीएम गोलचक्कर)
- एमआईआईटीजेईई (MIITJEE) क्लासेस प्रा. लि. (आमबागान)
- फिजिक्स वाला
- श्रीमान क्लासेस
इसके अलावा अन्य सार्वजनिक उपयोग वाले प्रतिष्ठानों की भी चरणबद्ध तरीके से जांच की जा रही है।
इन सुरक्षा मानकों की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता, फायर सेफ्टी सिस्टम, आपातकालीन निकास (Emergency Exit), निकासी मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन विभाग से संबंधित आवश्यक स्वीकृतियां एवं दस्तावेज, सुरक्षा संकेतक (Safety Signage) तथा कर्मचारियों की आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारी का विस्तार से निरीक्षण किया।

कमियां मिलने पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सार्वजनिक उपयोग वाले सभी संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां पाई जाएंगी, उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर दूर कराने के निर्देश दिए जाएंगे। यदि किसी संस्थान में गंभीर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित नियमों के तहत आवश्यक प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान रहेगा लगातार जारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शहर के विभिन्न सार्वजनिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा जांच अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सभी संस्थानों में सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके और किसी भी आपात स्थिति में जनहानि की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।
#जमशेदपुर न्यूज, फायर सेफ्टी जांच, पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त, राजीव रंजन, होटल निरीक्षण, कोचिंग संस्थान जांच, अग्निशमन सुरक्षा, जिला प्रशासन, Fire Safety Audit Jamshedpur
















