
जमशेदपुर/धनबाद/रांची: धनबाद जिले के बाघमारा के मौजा दरीदा और लेढ़ीडुमर की जमीन पर बनी चारदीवारी को सरकार हटाएगी। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के विधानसभा में गैर सरकारी संकल्प के संबंध में राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री दीपक बिरुआ ने सदन को आश्वस्त किया कि इस मामले में अतिक्रमण वाद संख्या-7/2024-25 में अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराने का आदेश पारित कर दिया गया है।

सरकार 8 सितंबर तक दरीदा और लेढ़ीडुमर का अतिक्रमण हटा लेगी
मंत्री ने बताया कि अंचल कार्यालय बाघमारा द्वारा अतिक्रमित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अगले महीने की 8 तारीख निर्धारित की गई है और इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी, धनबाद को एक दंडाधिकारी और सशस्त्र पुलिस बल (महिला बल सहित) की प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया है। संबंधित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर निर्धारित तिथि को अंतिम प्रतिवेदन समर्पित किया जाएगा।
इस उत्तर पर सरयू राय ने कहा कि यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार 08 सितंबर, 2025 को अतिक्रमण के लिए बनाई गई चारदीवारी को ध्वस्त कर देगी। यदि ऐसा नहीं होता है, तो वे बाघमारा के अंचलाधिकारी, धनबाद के अनुमंडल पदाधिकारी और धनबाद के उपायुक्त के विरुद्ध विधानसभा में अवमानना का मामला दायर करेंगे।









































