
चक्रधरपुर ( जय कुमार ): बुधवार सुबह चक्रधरपुर के इतवारी बाजार के समीप नाली से एक 40 वर्षीय स्थानीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान तेराई लोहार के रूप में हुई है, जो पास में ही रहता था और दुकानों में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

जानकारी के अनुसार, तेराई लोहार रोज़ की तरह बुधवार सुबह भी काम पर जाने के लिए छाता लेकर घर से निकला था। तेज बारिश के कारण इलाके में सन्नाटा था, इसी बीच करीब 8:45 बजे लोगों ने नाली में एक शव पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक की पहचान की।
घटना की जानकारी मिलते ही चक्रधरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि तेराई लोहार को मिर्गी की बीमारी थी। आशंका जताई जा रही है कि मिर्गी का दौरा पड़ने से वह नाली में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल घटना से इलाके में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।









































