- नगर आयुक्त एजाज अनवर की अध्यक्षता में हुई बैठक, आदित्यपुर समेत आसपास के निकायों के वेंडर्स की होगी भागीदारी
आदित्यपुर। जमशेदपुर में नगरीय प्रशासन निदेशालय, नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में प्रस्तावित “स्ट्रीट फूड फेस्टिवल” के सफल आयोजन को लेकर पूर्व तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में 13 अगस्त 2026 को आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय परिसर में नगर आयुक्त श्री एजाज अनवर की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक नगरीय प्रशासन निदेशालय के पत्रांक 1192 के आलोक में आयोजित की गई। बैठक में जमशेदपुर में प्रस्तावित स्ट्रीट फूड फेस्टिवल के वृहद आयोजन की तैयारियों, आयोजन स्थल के फीजिबिलिटी असेसमेंट (स्थल आंकलन) तथा विभिन्न हितधारकों के साथ विचार-विमर्श को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जमशेदपुर में बड़े स्तर पर होगा आयोजन
बैठक में बताया गया कि नगरीय प्रशासन निदेशालय द्वारा जमशेदपुर में बड़े एवं वृहद स्तर पर स्ट्रीट फूड फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर संबंधित निकायों एवं विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियां की जाएंगी।
स्थानीय खाद्य संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
स्ट्रीट फूड फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय खाद्य संस्कृति को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही प्लास्टिक-मुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल प्रथाओं को प्रोत्साहित करने, स्ट्रीट वेंडर्स की सतत आजीविका को मजबूत करने तथा आम लोगों के बीच स्वच्छता एवं व्यवहार परिवर्तन को लेकर जागरूकता फैलाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
आसपास के निकायों के वेंडर्स भी होंगे शामिल
फेस्टिवल में केवल जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के विभिन्न नगर निकायों के स्ट्रीट वेंडर्स और हितधारकों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। आदित्यपुर, मानगो, कपाली, जुगसलाई एवं सरायकेला के वेंडर्स को भी आयोजन से जोड़े जाने की योजना है।
इससे क्षेत्र के स्थानीय व्यंजन, पारंपरिक खाद्य पदार्थ और स्ट्रीट फूड कारोबारियों को व्यापक मंच मिलने की उम्मीद है।
खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता पर रहेगा विशेष जोर
बैठक में फेस्टिवल के दौरान वेंडर्स के पंजीकरण, खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता व्यवस्था और आगंतुकों की सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की गई। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में नगर आयुक्त एजाज अनवर, राज्य मिशन प्रबंधक (SMM) नगरीय प्रशासन निदेशालय अजीत कुमार परामांस, नगर मिशन प्रबंधक (CMM) विकाश कुमार, राजन कुमार, CMM/नगर प्रबंधक निदेशालय के CO सोनू कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में अधिकारियों ने प्रस्तावित स्ट्रीट फूड फेस्टिवल को व्यवस्थित, स्वच्छ, सुरक्षित और जनभागीदारी वाला आयोजन बनाने को लेकर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की।














