
जमशेदपुर, 21 जून 2026: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जुबिली पार्क में श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन, श्रीनाथ विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विभाग, योग एवं नैचुरोपैथी विभाग, रोटरी क्लब जमशेदपुर फेमिना तथा आर्ट ऑफ लिविंग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

योग शिविर का सफल संचालन श्रीनाथ विश्वविद्यालय के योग एवं नैचुरोपैथी विभागाध्यक्ष डॉ. पिंटू कुमार महतो के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अनुलोम-विलोम, ताड़ासन, भुजंगासन, वृक्षासन, भ्रामरी तथा विभिन्न प्राणायाम का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षक श्रीमती जाह्नवी गोस्वामी ने भी योगाभ्यास में मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. पिंटू कुमार महतो ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति का भी आधार है। उन्होंने सभी से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन इंजीनियरिंग छात्र स्वर्णिम प्रभात ने किया। आयोजन के दौरान आयोजित योगाभ्यास प्रतियोगिता में काजल कुमारी ने प्रथम, नंदिनी कुमारी ने द्वितीय तथा शिल्पा महतो एवं अमित राणा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ. मौसुमी महतो द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
योग दिवस के इस आयोजन ने स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया तथा प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।








































