
Kadma police arrested : जमशेदपुर कदमा थाना पुलिस ने आज सुबह एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरिकेश पटेल (उम्र 28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो क्वार्टर नं.-43, के.डी. फ्लैट, उलियन, थाना कदमा, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर का निवासी है। पुलिस के अनुसार, हरिकेश लोगों को हथियार दिखाकर डराता-धमकाता था।
पुलिस को सुबह करीब 09:30 बजे सूचना मिली थी कि कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया टी.सी. कॉलोनी रोड के पास हरिकेश नाम का व्यक्ति अवैध हथियार के साथ देखा गया है। इस सूचना का सत्यापन कर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने पेशेवर तरीके से कार्रवाई करते हुए फार्म एरिया टी.सी. कॉलोनी रोड पर पहुंचकर हरिकेश को घेर लिया और सख्ती से पूछताछ की।

पूछताछ के बाद हरिकेश की निशानदेही पर, फार्म एरिया स्थित एक चारदीवारी के अंदर, रोड नं.-18 के बगल में बने एक खंडहर क्वार्टर के शौचालय में छिपाकर रखे गए एक लाल-पीले रंग के कपड़े के झोले से कई अवैध हथियार बरामद किए गए।
Read More : सिंहभूम डाक प्रमंडल की वार्षिक समीक्षा बैठक संपन्न, उत्कृष्ट कर्मियों को किया गया सम्मानित
बरामद सामान की सूची:
- जंग लगा हुआ लोहे का बना बिना मैगजीन का एक देशी कट्टा
- जंग लगे हुए दो खाली मैगजीन
- तीन राउंड जिंदा कारतूस, जिन पर KF 7.65 लिखा हुआ था
- स्टील का बना एक देशी कट्टा
- एक जिंदा कारतूस, जिस पर KF 8 MM लिखा हुआ था
गिरफ्तार अभियुक्त हरिकेश पटेल के खिलाफ कदमा थाना कांड संख्या-56/25, दिनांक-23.06.2025, धारा- 25(1-बी)ए/26 शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी और अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।











































