सरिया: गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड अंतर्गत कुस्माडीह पंचायत के कसियाडीह टोला में रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का सदस्यता अभियान आयोजित किया गया। झामुमो के केंद्रीय कमेटी सदस्य शत्रुधन प्रसाद मंडल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में दर्जनों महिला-पुरुष एवं युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर झामुमो का दामन थाम लिया।
कार्यक्रम में पहुंचने पर कसियाडीह बाजार में स्थानीय लोगों ने शत्रुधन प्रसाद मंडल, सरिया उपप्रमुख रामदेव यादव एवं झामुमो नेता फागू पंडित का ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ भव्य स्वागत किया। इसके बाद सभी नेता कसियाडीह टोला पहुंचे, जहां भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का संचालन हरिचंद्र महतो ने किया।

सभा को संबोधित करते हुए झामुमो केंद्रीय कमेटी सदस्य शत्रुधन प्रसाद मंडल ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा गरीब, किसान, मजदूर, दलित, आदिवासी, पिछड़े एवं समाज के सभी वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से संगठन को और मजबूत बनाने तथा विकास की इस यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान शत्रुधन प्रसाद मंडल ने नए सदस्यों को पार्टी का पट्टा पहनाकर विधिवत सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर सभी नए सदस्यों ने झामुमो की नीतियों और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।














