
चाईबासा (जय कुमार): पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय झींकपानी में शनिवार को द्वितीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया गया। सिंहभूम सांसद जोबा माझी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय झींकपानी में द्वितीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का आयोजन, सांसद जोबा माझी ने की शिरकत
इस अवसर पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता पर राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इसरो दिवस छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में रुचि लेने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का जिक्र करते हुए कहा कि नवोदय विद्यालय की एक विशिष्ट पहचान है, मुझे उम्मीद है कि यहां के छात्र शुभांशु शुक्ला की तरह देश का नाम रोशन करेंगे।

सांसद ने नवोदय विद्यालय झींकपानी के शैक्षणिक स्तर की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां जो भी संसाधन की आवश्यकता होगी, वह उपलब्ध कराया जाएगा। कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता शिक्षा और स्वास्थ्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने को कहा।
इस अवसर पर सांसद ने छात्रा जयश्री टुडू को सम्मानित किया। जयश्री ने तीरंदाजी में पटना क्षेत्र की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कई पदक जीते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सांसद जोबा माझी ने मैथ्स एजुकेशनल पार्क और ऑटोमोटिव स्किल लैब का भ्रमण किया और विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना की। प्राचार्य पंकज कुमार गुप्ता ने स्वागत भाषण और भरत शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अभिषेक कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और चंद्रयान-3 की डिजाइन प्रस्तुत कर अतिथियों की प्रशंसा बटोरी। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सांसद को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक सुशांत दास, गौरी मणि हेम्ब्रम, गौतम रस्तोगी, मानस अचल, विवेकानंद ओझा, आभा चौधरी, पूजा मिश्रा, चंदन कुमार, दिलीप आचार्य, रोबिन टोप्पो समेत अन्य शिक्षक और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।









































