
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले की सदर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर एसोसिएशन ग्राउंड के पास गांजा बेच रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 260 ग्राम गांजा, गांजा भरे सिगरेट, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एसोसिएशन ग्राउंड के समीप एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, सदर अंचलाधिकारी तथा सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, लेकिन जवानों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सुरेश कुमार यादव (47 वर्ष), निवासी गवाला पट्टी, चाईबासा तथा वर्तमान में पुलहातु स्थित किराये के मकान में रहने वाला बताया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई तलाशी में उसके पास से 70 पुड़िया गांजा (करीब 260 ग्राम), 5 पीस गांजा भरा सिगरेट (गोगो), 6,500 रुपये नकद तथा एक रेडमी मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ के संबंध में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या 67/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर बहामन टूटी, अंचलाधिकारी उपेन्द्र कुमार, थाना प्रभारी हीरालाल महतो, केशव कुमार मेहता, धर्मेन्द्र कुमार सिंह सहित पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी प्रकार के अपराध की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, डायल-112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9508243546 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।














