
जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के चर्चित डीडी बार (DD Bar) हत्याकांड में बुधवार को महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया। मामले के नामजद मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने पुलिस दबाव के बीच जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी ने न्यायिक दंडाधिकारी विशाल गौरव की अदालत में सरेंडर किया, जिसके बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

चाकूबाजी और हत्या का है मामला
पुलिस के अनुसार, विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा पर बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार में हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। इस हमले में घायल हिमांशु सिंह की बाद में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी, जबकि प्रत्युष सिंह घायल हुए थे। घटना के बाद से पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही थी।
अब तक 10 आरोपी कानून की गिरफ्त में
इस मामले में पुलिस ने कुल 10 नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी। जांच के दौरान पहले ही पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। इसके बाद बार के मैनेजर विजय महानंद सहित तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। मामले में एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। वहीं, बार मालिक नीरज सिंह की भी गिरफ्तारी हो चुकी है।
जांच जारी
मुख्य आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद अब पुलिस मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच को आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।














