
जमशेदपुर । सिदगोड़ा थाना पुलिस ने देर रात वाहन जांच अभियान के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर एक पुराने बाइक चोरी कांड का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसे मई माह में टीनप्लेट गेट के पास से चोरी किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 2-3 जुलाई की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे सिदगोड़ा थाना के समीप मुख्य सड़क पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक घुमाकर भागने लगे। हालांकि सशस्त्र बल की मदद से दोनों को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान दोनों युवक मोटरसाइकिल से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि उक्त बाइक को मई 2026 के पहले सप्ताह में टीनप्लेट गेट के पास से चोरी किया था।
इंजन और चेसिस नंबर की जांच में पुष्टि हुई कि बरामद बाइक उसी चोरी की मोटरसाइकिल है, जिसके संबंध में सिदगोड़ा थाना कांड संख्या-92/2026, दिनांक 30 जून 2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी
- रोहित सिंह (29 वर्ष), निवासी टुईलाडुंगरी, गोलमुरी थाना क्षेत्र।
- गोल्डी सिंह (26 वर्ष), मूल निवासी टुईलाडुंगरी, वर्तमान निवासी घोड़ा चौक, जुगसलाई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बरामदगी
- एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल।
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामलों में केस दर्ज हैं।
- रोहित सिंह के विरुद्ध गोलमुरी थाना कांड संख्या 12/2023 (धारा 379/411/34 भादवि) दर्ज है।
- गोल्डी सिंह के विरुद्ध गोलमुरी थाना कांड संख्या 11/2023 (धारा 379/411/34 भादवि) दर्ज है।
छापेमारी दल
इस कार्रवाई का नेतृत्व सिदगोड़ा थाना प्रभारी मो. फैज अहमद ने किया। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक राजू लाल स्वासी, सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार मांझी, तुरिया भेगरा, तथा आरक्षी इकराम अंसारी और भरत सिंह यादव शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्ती और वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा तथा चोरी के मामलों में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












