
जमशेदपुर: स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान, 5-स्टार रेटिंग तथा वॉटर प्लस सिटी का दर्जा हासिल किया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में आज जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह का आयोजन JNAC कार्यालय परिसर में किया गया, जिसमें JNAC के अधिकारी, टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) के प्रतिनिधि, स्वच्छता कर्मी, स्वयंसेवी संगठन तथा शहर के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर JNAC के उप नगर आयुक्त श्री कृष्ण कुमार ने कहा,
“यह उपलब्धि जमशेदपुर के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और समर्पण का परिणाम है। स्वच्छता के क्षेत्र में यह सम्मान हम सभी के लिए प्रेरणा है कि हम मिलकर एक स्वच्छ, हरित और सुंदर जमशेदपुर का निर्माण करें।”
कार्यक्रम में कार्यालय के पदाधिकारी, कर्मी, स्वच्छता कर्मियों, रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, स्वैच्छिक संगठनों एवं भागीदार संस्थाओं ने भारी संख्या में भाग लिया।
टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रतिनिधियों ने भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए शहरवासियों को बधाई देते हुए, भविष्य में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
समारोह का समापन उत्साह, ऊर्जा और स्वच्छ भारत मिशन की भावना के साथ हुआ, जिसमें सभी ने मिलकर जमशेदपुर को स्वच्छता में शीर्ष पर बनाए रखने का संकल्प लिया।












































