
जमशेदपुर: शहर के बिस्टुपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुई चाकूबाजी की घटना ने सनसनी फैला दी। DD Double Down के बाहर हुए इस खूनी हमले का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस की मौजूदगी में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, घटना से पहले दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के बीच एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया।
हमले में हिमांशु और प्रत्युष गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव करने के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। तीनों घायलों को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया, जहां हिमांशु की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटनास्थल से पुलिस ने खून के निशान, एक चप्पल और डैगर का कवर बरामद किया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह एक युवती को लेकर आपसी तनातनी बताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बिस्टुपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।












































