जमशेदपुर, 3 अगस्त। आदिवासी छात्र एकता (केंद्रीय कमिटी) ने आगामी 9 अगस्त 2026 को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर बिष्टुपुर स्थित रीगल मैदान में विशाल जनसभा आयोजित करने की घोषणा की है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को बिष्टुपुर स्थित एक होटल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संगठन के पदाधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
संगठन के संस्थापक सह मुख्य संरक्षक जोसाई मार्डी, संयोजक इन्द्र हेम्ब्रम एवं अध्यक्ष हेमेन्द्र हाँसदा ने बताया कि आदिवासी छात्र एकता वर्ष 2007 से लगातार विश्व आदिवासी दिवस का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य नारा “अपनी पहचान को पहचानो” रखा गया है।
पदाधिकारियों ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा वर्ष 1994 में प्रतिवर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाने का निर्णय लिया गया था, ताकि दुनिया भर के आदिवासी समुदायों की समस्याओं और अधिकारों की ओर वैश्विक ध्यान आकर्षित किया जा सके। इसी उद्देश्य को लेकर जमशेदपुर में भी यह आयोजन किया जा रहा है।

इन प्रमुख मुद्दों पर होगी चर्चा
संगठन ने बताया कि जनसभा में आदिवासी समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से—
- झारखंड में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के प्रभाव और विद्यार्थियों के भविष्य का प्रश्न।
- भूमि अधिग्रहण अधिनियम-2013 का पूर्ण अनुपालन तथा अनुसूचित क्षेत्रों में ग्रामसभा की स्वीकृति के बाद ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया।
- सरना धर्म कोड की मांग।
- अन्य राज्यों के आदिवासी क्षेत्रों को संविधान की पांचवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग।
- अनुसूचित क्षेत्रों में नगर निकाय चुनावों एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों पर चर्चा।
- असम में रहने वाले संथाल, हो, मुंडा एवं उरांव समुदाय को संविधान के अनुच्छेद-342 के तहत सूचीबद्ध करने की मांग।
- CNT Act, SPT Act तथा Wilkinson’s Rule के प्रभावी अनुपालन।
- लैंड बैंक नीति समेत आदिवासी भूमि संरक्षण से जुड़े मुद्दे।
- संविधान की पांचवीं अनुसूची के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू कराने की रणनीति।
देश के कई राज्यों से जुटेंगे वक्ता
संगठन के अनुसार जनसभा में झारखंड, असम, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से आए शिक्षाविद, छात्र प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बुद्धिजीवी भाग लेंगे। वे आदिवासी समाज से जुड़े समकालीन विषयों, सीमांकन (Delimitation) तथा अन्य संवैधानिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
संवाददाता सम्मेलन में संस्थापक सह मुख्य संरक्षक जोसाई मार्डी, संयोजक इन्द्र हेम्ब्रम, अध्यक्ष हेमेन्द्र हाँसदा सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
नोट: प्रेस विज्ञप्ति में संगठन द्वारा विभिन्न सामाजिक, संवैधानिक और नीतिगत मांगें रखी गई हैं। ये संबंधित संगठन के विचार और मांगें हैं।












