- महिलाओं और छात्राओं के लिए स्कूल-कॉलेजों में आयोजित होंगे आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर व जागरूकता कार्यक्रम
रांची। झारखंड में महिलाओं, छात्राओं और युवाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करने की दिशा में सेल्फ डिफेंस एसोसिएशन ऑफ झारखंड ने अपनी गतिविधियों को और व्यापक बनाने का निर्णय लिया है। इसी उद्देश्य को लेकर अंगड़ा स्थित आर.टी.सी. पब्लिक स्कूल परिसर में एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष गणेश प्रसाद ने की। इस दौरान संगठन के विस्तार, राज्यभर में आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन और महिलाओं एवं छात्राओं के बीच सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने से संबंधित विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपाध्यक्ष नज़र हुसैन, महासचिव महादेव गोप, संयुक्त सचिव पप्पू कुमार प्रजापति, कोषाध्यक्ष नरेंद्र नाथ महतो तथा कार्यकारिणी सदस्य नकुल यादव और मुकेश रविदास समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

स्कूल-कॉलेजों में लगाए जाएंगे आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि झारखंड के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से नियमित रूप से आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही जागरूकता अभियान, कार्यशालाएं और विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।
एसोसिएशन का मानना है कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण विशेष रूप से महिलाओं और छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकों और सुरक्षा संबंधी जागरूकता से जोड़ने की योजना है।
राज्य के हर जिले तक संगठन के अभियान को पहुंचाने का संकल्प
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने सेल्फ डिफेंस एसोसिएशन ऑफ झारखंड के उद्देश्यों को प्रदेश के प्रत्येक जिले तक पहुंचाने का संकल्प लिया। संगठन की योजना आत्मरक्षा को केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे व्यापक जन-जागरूकता अभियान का रूप देने की है।
बैठक के अंत में संगठन की भावी कार्ययोजना और आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने संगठन के विस्तार और आत्मरक्षा जागरूकता अभियान को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने पर सहमति जताई। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।










