
जमशेदपुर, 7 जुलाई। टेल्को थाना पुलिस ने महिला के गले से सोने की चेन छीनने की घटना का त्वरित उद्भेदन करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो टुकड़ों में सोने की चेन तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05DC1914) बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को टेल्को थाना क्षेत्र में एक महिला के गले से अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने सोने की चेन झपटकर फरार हो गया था। पीड़िता के बयान पर टेल्को थाना में कांड दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी विक्रम हो (25 वर्ष), पिता- लखन हो को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई सोने की चेन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
जब्त सामान
- सोने जैसी पीली धातु की चेन (दो टुकड़ों में)
- स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05DC1914)
कई मामलों में पहले से है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विक्रम हो के विरुद्ध जमशेदपुर के बिरसानगर, गोविंदपुर, सिदगोड़ा, मानगो, टेल्को सहित पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के विभिन्न थानों में चोरी एवं अन्य आपराधिक मामलों के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।














