
जमशेदपुर: जिला प्रशासन के निर्देशानुसार शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आज़ादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत चेपापुल, पारडीह, ओल्ड पुरुलिया रोड तथा मुर्दा मैदान सहित अन्य स्थानों पर अड्डेबाज़ी कर रहे लोगों की सघन जांच की गई। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर बेवजह जुटे लोगों से पूछताछ की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी जांच की गई।
थाना प्रभारी चंदन कुमार ने लोगों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। कानून का उल्लंघन करने वाले एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि नियमित चेकिंग अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा।














