
जमशेदपुर, 2 जुलाई। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई बागबेड़ा थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में की गई है। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बागबेड़ा थाना कांड संख्या-127/2025 (दिनांक 15 दिसंबर 2025) में अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस तथा एक चापड़ के साथ पांच युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1B)(a), 26 एवं 35 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने इस मामले में पहले ही मो. वाजिद (20 वर्ष), मो. राज (19 वर्ष) और मो. समीर को 15 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
इसी मामले में फरार चल रहे शेष दो आरोपियों मो. दिलशान (19 वर्ष), पिता मो. आजाद तथा मो. तौहिद (19 वर्ष), पिता स्व. मो. केचा उर्फ जब्बार, दोनों निवासी गढ़ीवान पट्टी, किटाडीह, थाना परसुडीह, जिला पूर्वी सिंहभूम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में नामजद सभी पांच अभियुक्त अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध हथियार रखने, अपराधियों को संरक्षण देने तथा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है तथा अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।













