
कपाली । कपाली नगर परिषद प्रशासक गोपी कृष्णा ने बुधवार की देर रात शहर की प्रमुख सड़कों का भ्रमण कर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था का निरीक्षण किया। नगर परिषद की ओर से हाल के दिनों में कपाली की सभी मुख्य सड़कों पर नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं, ताकि रात्रि में लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान प्रशासक ने सड़कों पर लगे लाइटों की कार्यप्रणाली की जांच की और संबंधित कर्मियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि हर लाइट समय पर जलें और नियमित रूप से मेंटेनेंस हो। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की प्राथमिकता है कि नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों और रात के समय लोगों को अंधेरे के कारण किसी भी प्रकार की असुविधा न उठानी पड़े।
गोपी कृष्णा ने बताया कि कपाली में यातायात और सुरक्षा दोनों दृष्टिकोण से स्ट्रीट लाइट बेहद जरूरी हैं। अंधेरे क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगने से न केवल लोगों को आवागमन में आसानी होगी बल्कि आपराधिक घटनाओं की संभावना भी कम होगी। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे भी इस व्यवस्था को बनाए रखने में सहयोग करें।
कपाली नगर परिषद ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में सभी प्रमुख सड़कों, गली-मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर भी पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि कपाली को एक स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर बनाया जाए।












































