- झारखंड की किशोरियों को मिल रहा है सशक्तिकरण का सहारा
रांची । झारखंड सरकार राज्य की किशोरियों और महिलाओं को शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना झारखंड की लाखों बालिकाओं के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरी है। इस योजना के तहत अब तक 104 करोड़ 65 लाख रुपये से अधिक की राशि पात्र किशोरियों के खातों में भेजी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की सोच है कि झारखंड की हर महिला को सम्मान मिले और हर किशोरी को बेहतर शिक्षा तथा बेहतर जीवन के अवसर उपलब्ध हों। इसी सोच को साकार करने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2022-23 में इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत की गई।
क्या है सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना?
सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं को शिक्षा से जोड़े रखना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस योजना के तहत आठवीं से बारहवीं कक्षा में अध्ययनरत पात्र किशोरियों को चरणबद्ध तरीके से कुल 40,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है, ताकि वे आर्थिक परेशानियों के कारण पढ़ाई न छोड़ें।
अब ऑनलाइन हो गया आवेदन
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने इस वित्तीय वर्ष से योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अब राज्य की सभी पात्र किशोरियां savitribaipksy.jharkhand.gov.in पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। आठवीं से बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाली बालिकाएं अपने विद्यालय के सहयोग से आवेदन कर योजना का लाभ ले सकती हैं।
अब तक इतने आवेदन और भुगतान
- अब तक 6,07,467 बालिकाओं के ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो चुके हैं
- इनमें से 2,78,463 बालिकाओं को 104 करोड़ 65 लाख रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है
- शेष लाभुकों का भुगतान प्रक्रियाधीन है
- राज्य में ई-विद्यावाहिनी में अंकित 15,007 विद्यालयों में से 13,469 विद्यालयों से आवेदन प्राप्त हुए हैं
शेष विद्यालयों से आवेदन प्राप्त करने के लिए शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय कर्मियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को समय पर और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए समाज कल्याण निदेशालय द्वारा संबंधित पदाधिकारियों, कर्मियों, प्रधानाध्यापकों, BEEO और प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके साथ ही तकनीकी सहयोग भी लगातार उपलब्ध कराया जा रहा है।
कहां से लें मदद?
योजना से जुड़ी अधिक जानकारी या सहायता के लिए लाभार्थी
- जिला शिक्षा पदाधिकारी
- जिला समाज कल्याण पदाधिकारी
- विद्यालय के प्रधानाध्यापक
- BEEO
- प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी
से संपर्क कर सकते हैं।
सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना झारखंड की किशोरियों को शिक्षा के साथ आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत पहल है। यह योजना न सिर्फ पढ़ाई को बढ़ावा दे रही है, बल्कि बालिकाओं को आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की राह भी दिखा रही है।













