जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम: सरोवर हिल/रॉयल हॉल होटल में संचालित ऑनलाइन परीक्षा केंद्र द्वारा प्रयोग किए जा रहे जैमर के कारण आसपास के इलाकों में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर भारतीय मानवधिकार एसोसिएशन ने जिला उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को एक ज्ञापन सौंपा है।
क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी, भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन ने जताई कड़ी आपत्ति
क्या है मामला?
ज्ञापन में बताया गया है कि कुछ माह पूर्व से सरोवर हिल/रॉयल हॉल होटल में ऑनलाइन परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं, जहां जैमर उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। इसके कारण सहारा सिटी, सुंदरबन, शारदा सिटी, समता नगर, शिवस्थली, कुंभारुम बस्ती, रोड नंबर 15 जैसे आसपास के तमाम रिहायशी इलाकों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा पूरी तरह बाधित हो रही है।
आम जनजीवन पर असर
भारतीय मानवधिकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष एस. एन. पाल ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि डिजिटल युग में मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं आम नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं में शामिल हैं।
- विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई से वंचित हो रहे हैं,
- कर्मचारी ‘वर्क फ्रॉम होम’ नहीं कर पा रहे,
- ऑनलाइन बैंकिंग और लेनदेन ठप पड़ रहा है,
- यहां तक कि आपात स्थिति में भी मोबाइल से किसी को कॉल करना नामुमकिन हो जाता है।
उपायुक्त से की यह मांग:
एसोसिएशन ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि –
इस विषय पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाए।
भविष्य में इस प्रकार के जैमर प्रयोग को रिहायशी क्षेत्रों से दूर किसी उपयुक्त स्थान पर ही अनुमति दी जाए।
यह मामला ना केवल तकनीकी समस्या है, बल्कि नागरिक अधिकारों के हनन से जुड़ा हुआ है। डिजिटल सेवाओं पर निर्भर आम लोगों के लिए यह असहनीय हो चुका है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और आम जनता को कब तक इस डिजिटल ‘ब्लैकआउट’ से राहत मिलती है।










