- राज्यपाल ने न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक को दिलाई शपथ, मुख्यमंत्री भी रहे उपस्थित
रांची । झारखंड के न्यायिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अवसर पर आज संतोष कुमार गंगवार, माननीय राज्यपाल, ने लोक भवन स्थित बिरसा मंडप में आयोजित समारोह में महेश शरदचंद्र सोनक को झारखंड राज्य उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई।
इस गरिमामय समारोह में हेमन्त सोरेन, मुख्यमंत्री झारखंड, भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण के उपरांत राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश को पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने इसे झारखंड की न्यायिक व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण बताया। सभी ने उम्मीद जताई कि न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक के नेतृत्व में झारखंड उच्च न्यायालय में न्यायिक कार्य और अधिक सशक्त, पारदर्शी और प्रभावी होगा।
इस अवसर पर संजय सेठ, मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, रबीन्द्र नाथ महतो सहित झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीशगण, भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं पुलिस सेवा के वरीय अधिकारी, उच्च न्यायालय के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता तथा बड़ी संख्या में अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक के मुख्य न्यायाधीश पद पर शपथ ग्रहण के साथ ही झारखंड उच्च न्यायालय को नया नेतृत्व प्राप्त हुआ है। राज्य की जनता और न्यायिक जगत को उनसे न्याय व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की अपेक्षा है।













