
जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टूइलाडुंगरी इलाके में लगातार दूसरे दिन कारों में आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे साईं मोटर्स परिसर में खड़ी दो कारों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।मामले को लेकर साईं मोटर्स के संचालक राजा सिंह ने बड़ा दावा किया है।
उनका कहना है कि यह सामान्य आगजनी नहीं है, बल्कि किसी के द्वारा जानबूझकर आग लगाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जिन कारों में आग लगी, उनमें पहले से बैटरियां तक नहीं थीं। ऐसे में अचानक आग लगना कई सवाल खड़े करता है।राजा सिंह के अनुसार, एक दिन पहले भी इसी तरह की घटना हुई थी। लगातार दूसरे दिन आग लगने से उन्होंने साजिश की आशंका जताई है।
इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है।सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के इलाके में बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।















