
चाईबासा, 06 जून 2026( जय कुमार ): जिला परिवहन कार्यालय के तत्वावधान में शनिवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम विनायका मिशन संस्था द्वारा संचालित जेएसडीएम (JSDM) कौशल विकास केंद्र, चाईबासा में आयोजित किया गया। अभियान का नेतृत्व मोटरयान निरीक्षक नेल्सन तिर्की एवं कृष्णा सोरेन ने किया।

कार्यक्रम में जिला सड़क सुरक्षा टीम, परिवहन विभाग तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के समन्वयक कन्हैया पाण्डेय की सहभागिता रही। इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। मोटरयान निरीक्षकों ने ट्रैफिक नियमों, रोड मार्किंग, संकेत चिह्नों तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण तेज रफ्तार, नशे की हालत में वाहन चलाना, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार, विद्यालय और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएं।

इस अवसर पर सरकार की गुड समैरिटन (Good Samaritan) योजना और सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलने वाले मुआवजे संबंधी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि वाहन का बीमा नहीं होने की स्थिति में मुआवजे की जिम्मेदारी वाहन मालिक पर होती है, जबकि अज्ञात वाहन से दुर्घटना होने पर परिवहन विभाग द्वारा पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया में सहायता की जाती है।
वहीं, चाइल्ड हेल्पलाइन समन्वयक कन्हैया पाण्डेय ने विद्यार्थियों को बाल मजदूरी, बाल विवाह, बाल शोषण और चाइल्ड ट्रैफिकिंग जैसी गंभीर समस्याओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि बच्चों से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत की जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर कॉल कर दी जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा बाल अधिकारों की रक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।









