जमशेदपुर । धर्मेंद्र कुमार : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री श्री दक्षिणेश्वरी काली मंदिर में रविवार को भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भोले बाबा को जलाभिषेक करने के लिए अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी।
शिवलिंग का भव्य श्रृंगार, भक्तिमय माहौल
मौके पर मंदिर समिति की ओर से शिवलिंग का भव्य और आकर्षक श्रृंगार किया गया। पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों से वातावरण शिवमय हो उठा। भक्तों ने कतारबद्ध होकर शांतिपूर्वक जलाभिषेक किया और भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की।
व्यवस्था चाक-चौबंद, वॉलेंटियर्स रहे मुस्तैद
मंदिर समिति के अध्यक्ष गलविंदर सिंह संधू ‘ग्वाले’ ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर विशेष तैयारी की गई थी। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वॉलेंटियर्स की तैनाती की गई थी, जिससे दर्शन और पूजन व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रही।

संध्या आरती और प्रसाद वितरण
संध्या समय विशेष पूजन और भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने आरती में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
अमावस्या पर मां काली की विशेष पूजा
मंदिर समिति ने जानकारी दी कि सोमवार, 16 फरवरी को अमावस्या के अवसर पर मां काली की विशेष पूजा एवं भोग का आयोजन किया जाएगा।
महत्वपूर्ण योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष रूप से राजीव कुमार झा, सुजीत, उमाशंकर बेरा, दुर्गानंद दुबे, उमेश, हरिश्चंद्र प्रसाद, अरुण प्रसाद, रणजीत, अजीत और अविनाश का उल्लेखनीय योगदान रहा।














