
जमशेदपुर: शहर में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला को अपना शिकार बनाया। अपराधियों ने महिला को डराते हुए कहा कि क्षेत्र में अपराधियों की गतिविधियां बढ़ गई हैं और सुरक्षा के लिए वह अपने सभी सोने के गहने उतारकर सुरक्षित रख लें। महिला उनके झांसे में आ गई और देखते ही देखते लगभग 2 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने ठग लेकर फरार हो गए।

कैसे हुई वारदात?
जानकारी के अनुसार, महिला सड़क से गुजर रही थी तभी दो व्यक्तियों ने उसे रोका। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि इलाके में चेन स्नैचिंग और लूट की घटनाएं बढ़ गई हैं। सोना पहनकर घूमना खतरनाक है इसके बाद उन्होंने महिला को समझाया कि वह अपने गहने उतारकर सुरक्षित रख लें। महिला उनकी बातों में आ गई और गहने उतार कर अपने बैग में रखने वाली थी की उन्होंने कहा लाओ हम सुरक्षित तरीके से आपके बैग में रख देते हैं, फिर क्या था, ठगों ने चालाकी से महिला के गहनों को उसकी बेटी के सामने ही एक कागज या पैकेट में रख कर महिला के बैग में रख दिया।
महिला घर पहुंची और बैग से निकालकर गहने अलमारी में रखने गई और एकपल गहनों को देखा तो उसे समझते देर न लगी कि उसे असली गहनों की जगह दूसरा सामान थमा दिया। महिला को जब तक ठगी का एहसास हुआ, तब तक दोनों आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
सीसीटीवी और वीडियो की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और उपलब्ध वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि:
- सड़क पर किसी अजनबी की बातों में न आएं।
- कोई व्यक्ति खुद को पुलिसकर्मी बताए तो उसका पहचान पत्र अवश्य देखें।
- सार्वजनिक स्थानों पर अपने गहने या कीमती सामान किसी को न सौंपें।
- किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
बढ़ रही है ऐसी ठगी
हाल के वर्षों में देश के कई शहरों में नकली पुलिसकर्मी बनकर लोगों को डराने और गहने उतरवाकर ठगी करने के मामले सामने आए हैं। बुजुर्ग महिलाएं और अकेले चलने वाले लोग ऐसे अपराधियों के आसान निशाने बन रहे हैं।
जमशेदपुर की यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि अपराधी अब ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। नागरिकों को सतर्क रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति पर तुरंत भरोसा न करने की आवश्यकता है। पुलिस जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।














