
चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत बासाकुटी गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां घर में पलंग पर सो रही 14 वर्षीय बच्ची को जहरीले चिती सांप ने काट लिया। घटना के बाद बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे सदर अस्पताल चाईबासा के ICU में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार मोती कंडेयांग नामक बच्ची बुधवार देर रात करीब 11 बजे अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान अचानक एक चिती सांप पलंग पर चढ़ आया और बच्ची को डंस लिया। बच्ची की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा लेकर गए।
अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने बच्ची को एंटी वेनम स्नेक डोज दिया, लेकिन हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने के कारण उसे ICU में शिफ्ट कर दिया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
अस्पताल पहुंचे खुंटपानी प्रमुख
घटना की सूचना मिलते ही खुंटपानी प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा सदर अस्पताल पहुंचे और बच्ची की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अस्पताल अधीक्षक शिवचरण हांसदा से बातचीत कर बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
खुंटपानी प्रमुख ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में सांप अक्सर अपने बिलों से निकलकर घरों में घुस आते हैं। ऐसे में रात में सोने से पहले मच्छरदानी का उपयोग करें और अंधेरे में बाहर निकलते समय टॉर्च जरूर जलाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराना चाहिए, क्योंकि समय पर इलाज ही जान बचा सकता है।











































