- सोशल मीडिया और गुरुद्वारों में होगी फिल्म की स्क्रीनिंग, समाज में जागरूकता फैलाने की पहल
जमशेदपुर : शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा सीतारामडेरा प्रबंधक कमेटी की ओर से सिख समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पंजाबी शॉर्ट Film “पछतावा” का निर्माण कराया जा रहा है। कमेटी का कहना है कि फिल्म का मुख्य उद्देश्य सिख बच्चियों को अपने धर्म, विरसे और कौम के प्रति जागरूक करना है।
कमेटी के अनुसार हाल के वर्षों में सिख समाज के सामाजिक ढांचे में बदलाव और सिख युवतियों द्वारा दूसरे धर्मों में विवाह करने की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। इसी विषय को केंद्र में रखकर यह जागरूकता फिल्म तैयार की जा रही है।
जल्द जारी होगा ट्रेलर
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने बताया कि फिल्म की स्क्रीनिंग जल्द ही सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर की जाएगी। इसके साथ ही जमशेदपुर के सभी गुरुद्वारों में भी इस फिल्म को दिखाने का आग्रह किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें।
कमेटी का मानना है कि फिल्म की कहानी भावनात्मक होने के साथ-साथ समाज में जागृति फैलाने वाली है। इसके माध्यम से सिख बेटियों को अपने धर्म और सांस्कृतिक विरसे की अहमियत समझाने का प्रयास किया जाएगा।
धार्मिक समागम में भी उठ चुका है मुद्दा
बताया गया कि विगत 9 और 10 फरवरी को एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में आयोजित धार्मिक समागम के दौरान सिख प्रचारक बाबा बंता सिंह जी ने भी सिख बच्चियों के अन्य धर्मों में विवाह को लेकर चिंता व्यक्त की थी।
गुरुद्वारा कमेटी का कहना है कि समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए परिवारों की भूमिका महत्वपूर्ण है। कमेटी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को गुरमत और सिख परंपराओं से जोड़ें तथा उन्हें गुरुद्वारों में लेकर आएं ताकि नई पीढ़ी अपने धार्मिक विरसे को बेहतर ढंग से समझ सके।
कमेटी ने समाज में जागरूकता पर दिया जोर
गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सरदार सुखविंदर सिंह, मीत प्रधान सरदार गुरदीप सिंह लाडी, महासचिव सरदार अविनाश सिंह खालसा समेत अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि यदि इस फिल्म के माध्यम से समाज में सकारात्मक जागरूकता आती है और युवा पीढ़ी अपने धर्म एवं संस्कृति के प्रति अधिक सजग होती है, तो फिल्म बनाने का उद्देश्य सफल माना जाएगा।
कमेटी ने यह भी कहा कि मौजूदा समय में धार्मिक समागमों के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर भी गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। वहीं फिल्म “पछतावा” का ट्रेलर जल्द जारी किए जाने की बात कही गई है।





















