सरिया/केशवारी : सरिया प्रखंड के केशवारी में भाकपा (माले) की सरिया पश्चिमी जिला परिषद क्षेत्र स्तरीय जीवी बैठक आज सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राज्य कमिटी सदस्य कॉमरेड पवन महतो ने की, जबकि संचालन प्रखंड कमिटी सदस्य कॉमरेड लक्ष्मण मंडल ने किया।
बैठक के केंद्र में आगामी 16 जनवरी को बगोदर में आयोजित होने वाले शहीद कॉमरेड महेंद्र सिंह के शहादत दिवस को पूर्ण रूप से सफल बनाने की तैयारियाँ रहीं।
बैठक में सभी पंचायतों से क्रमवार रिपोर्ट ली गई और यह स्पष्ट किया गया कि शहादत दिवस को जनआंदोलन की शक्ति में बदलने के लिए कार्यकर्ताओं को गाँव-गाँव जाकर जनता से जुड़ना होगा।
वक्ताओं ने कहा कि कॉमरेड महेंद्र सिंह ने किसान, मजदूर, नौजवान और शोषित समाज के अधिकारों के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। इसलिए उनके सपनों को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सभा में केशवारी चौक पर रविदास महासभा द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के निर्णय का सर्वसम्मति से समर्थन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह स्थान वर्षों से बाबा साहब के विचारों और उनके संदेश को जनता के बीच पहुंचाने का केंद्र रहा है, जहां उनकी जयंती और पुण्यतिथि बड़े स्तर पर मनाई जाती है। इसलिए बाबा साहब की प्रतिमा वहीं स्थापित होगी और यह जनता की भावनाओं का सम्मान है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा यहां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लगाने की कोशिश की जा रही है, जो पूरी तरह राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक दलगत नेता रहे हैं, जबकि बाबा साहब पूरे समाज के सार्वभौमिक नेता और संविधान निर्माता हैं, इसलिए उनकी तुलना किसी राजनीतिक व्यक्तित्व से नहीं की जा सकती। यह भी कहा गया कि जनता इस राजनीतिक साजिश को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
बैठक के दौरान भाजपा विधायक द्वारा दिए गए “WHO IS MAHENDRA SINGH” जैसे कथन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि कॉमरेड महेंद्र सिंह एक विचार हैं, जो गरीबों और वंचितों की आवाज़ बनकर जीवित हैं। उनके विचार को ‘अल-बल’ बताकर अपमानित करने का प्रयास किया गया तो जवाब और अधिक सशक्त आंदोलन के रूप में दिया जाएगा।
बैठक समाप्त होने के बाद केशवारी मैदान से केशवारी चौक तक एक मार्च निकाला गया, जिसने पूरे इलाके में उत्साह और जनचेतना का माहौल बनाया। मार्च के उपरांत नुक्कड़ सभा आयोजित की गई, जिसमें राज्य कमिटी सदस्य कॉमरेड भोला मंडल, कॉमरेड पवन महतो और RYA राष्ट्रीय परिषद सदस्य कॉमरेड सोनू पांडेय समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।
सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि शहादत दिवस को व्यापक जनसमर्थन के साथ ऐतिहासिक बनाया जाएगा और बाबा साहब की विरासत की रक्षा के लिए संघर्ष को हर परिस्थिति में जारी रखा जाएगा।
सभा में विभिन्न पंचायतों से भारी संख्या में कार्यकर्ता, महिलाएँ, युवा तथा ग्रामीण मौजूद रहे और “बाबा साहब का अपमान नहीं सहेगा केशवारी चौक स्थान” और “कॉमरेड महेंद्र सिंह जिंदाबाद” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इस कार्यक्रम ने एक बार फिर साबित किया कि सरिया क्षेत्र की जनता न्याय, अधिकार और समानता के संघर्ष को मजबूती से आगे बढ़ाने को तैयार है।














