
चाईबासा (जय कुमार): सदर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी नीमडीह में 13 जुलाई को हुए सुमित सिंह यादव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में शामिल चार अपराधियों को पुलिस ने अब तक गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।

इस संबंध में मृतक के पिता राजकुमार सिंह यादव के बयान पर सदर थाना में कांड संख्या 56/25, दिनांक 14.07.2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/303(2)/3(5) B.N.S. एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें सदर थाना, मुफ्फसिल थाना सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान से खुला राज
घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर जांच टीम ने पांच अपराधियों की पहचान की। इनमें से दो आरोपियों—अभिजीत अधिकारी और सौरभ राज उर्फ विक्टर—को 20 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

दो और गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त बाइक भी बरामद
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से दो और आरोपियों—रवि टोप्पो और विजय दास—को भी गिरफ्तार कर लिया है। इनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपराध में संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम और पता:
- रवि टोप्पो – पिता: रमेश टोप्पो, निवासी: गौशाला, थाना: मुफ्फसिल, जिला: पश्चिमी सिंहभूम
- विजय दास – पिता: स्व. त्रिवेणी दास, निवासी: महुलसाई, मतकमहातू, थाना: मुफ्फसिल, जिला: पश्चिमी सिंहभूम
बरामद वाहन:
- नीला-काला रंग का बजाज पल्सर 220 (रजिस्ट्रेशन: JH06J8007)
- सिल्वर-काला व लाल रंग का यामाहा R15 (रजिस्ट्रेशन: JH06M5229)
विशेष छापामारी दल के सदस्यः
- अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर चाईबासा ।
- थाना प्रभारी सदर, चाईबासा।
- थाना प्रभारी मुफ्फसिल, चाईबासा।
- सदर थाना, चाईबासा के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी।
पुलिस ने बताया कि कांड में शामिल शेष एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और अपराध पर नियंत्रण की दिशा में एक सकारात्मक संदेश गया है।









































