बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के स्टील मेल्टिंग शॉप (SMS)-2 में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां मिक्सर क्रेन की केबल अचानक टूट गई, जिससे उबलता हुआ गरम धातु नीचे गिर पड़ा। इस हादसे में पास में मौजूद तीन ठेका कर्मी बुरी तरह झुलस गए।
घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों में से दो की स्थिति स्थिर है, लेकिन एक कर्मी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है।
हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रबंधन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और सुरक्षा मानकों की पुनः समीक्षा करने की बात कही है।
गौरतलब है कि SMS-2 प्लांट में पहले भी कई बार तकनीकी खामियों के चलते हादसे हो चुके हैं। स्थानीय श्रमिक संगठनों ने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए ठेका कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।












