जमशेदपुर : मानगो पोस्ट ऑफिस रोड स्थित आवास प्लाजा में उस समय अफरातफरी मच गई जब रसराज स्वीट्स के किचेन में दो सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें आस-पास की लगभग 10 दुकानों तक फैल गईं। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं — दुकान मालिक निताई साहू, कारीगर तपन नामता और ग्राहक सोनिया (एक बच्ची)। इनमें से तपन नामता की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक श्री सरयू राय को फोन पर घटना की जानकारी दी। श्री राय ने तुरंत फायर ब्रिगेड को अलर्ट किया और अपने जनसुविधा प्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को राहत और बचाव कार्य में जुटने के निर्देश दिए।
श्री राय के निर्देश पर नीरज सिंह, पिंटू सिंह, संतोष भगत, टुनटुन सिंह, संजय चौहान, पप्पू सिंह, विनोद राय, नित्यानंद सिन्हा, लालू गौड़ और दीपक गौड़ मौके पर पहुंचे और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां सोनिया और तपन नामता को भर्ती किया गया। सोनिया का चेहरा झुलस गया है, जबकि तपन नामता को गंभीर चोटें आई हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जब प्रतिनिधियों ने विधायक को जानकारी दी, तो श्री सरयू राय ने तत्काल एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक को फोन कर विशेष इलाज की व्यवस्था कराई। इसके बाद तपन नामता को आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
गौरतलब है कि इस आवास प्लाजा में 24 परिवार रहते हैं। राहत कार्य के दौरान सभी परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय जनों का सहयोग और तत्परता से बड़ी त्रासदी टली
अगर समय पर फायर ब्रिगेड और विधायक के प्रतिनिधि नहीं पहुंचते, तो नुकसान कहीं अधिक बड़ा हो सकता था। फिलहाल प्रशासन ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और मामले की जांच जारी है।











