Accident: जमशेदपुर शहर की बिगड़ती बुनियादी व्यवस्था एक बार फिर सामने आई जब गुरुवार की सुबह स्ट्रेट माइल रोड पर बाराद्वारी से काशीडीह जाने वाले मार्ग पर एक लोडेड डम्पर (JH 05 AE 7115) नाले में धंस गया। डम्पर में गिट्टी लदी हुई थी और भारी वजन के कारण कमजोर नाली धंस गयी। इससे पूरे इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और कई घंटे तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा।
Accident: घटनास्थल की स्थिति, खतरे से भरी सड़क और अधूरी नाली
यह मार्ग बाराद्वारी से काशीडीह को जोड़ता है और दैनिक आवागमन के लिए अत्यंत व्यस्त रहता है। परंतु वर्षों से यह सड़क और उससे सटी नाली टूटी-फूटी और उपेक्षित स्थिति में है। सड़क किनारे बनी नाली की ढलाई अधूरी है और अधिकांश स्थानों पर ढक्कन तक नहीं लगाए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी छोटे वाहन और राहगीर कई बार गिर चुके हैं, लेकिन जमशेदपुर अक्षेस और प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

प्रशासनिक रवैया और लापरवाही
इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन की अनदेखी और नगर निकायों की विफलता को उजागर कर दिया है। मौके पर पहुंचे ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने किसी तरह यातायात को डायवर्ट किया, लेकिन नगर निगम या पथ निर्माण विभाग का कोई अधिकारी घटनास्थल पर देर तक नहीं पहुंचा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार लिखित और मौखिक शिकायतों के बावजूद नाली की मरम्मत और सड़क की स्थिति पर ध्यान नहीं दिया गया। यह हादसा सिर्फ एक संयोग नहीं, बल्कि बदइंतजामी और भ्रष्टाचार की वजह से हुआ एक दुर्घटना है।
स्थानीय निवासियों का आक्रोश
काशीडीह के निवासी कहते हैं:
“हम हर दिन इस सड़क से गुजरते हैं, लेकिन हर बार जान हथेली पर लेकर निकलना पड़ता है। कई बार JNAC के अधिकारीयों से इस मामले को लेकर सूचित किया गया, लेकिन सिर्फ वादे मिले, काम नहीं। आज जो हुआ, वह कल किसी स्कूली वैन, बच्चे या राहगीर के साथ हो सकता है।”
वहीं एक ऑटो चालक ने नाराज़गी जताते हुए कहा:
“इन गड्डों और जमशेदपुर शहर में अधूरी नालियों (टूटी फूटी और बिना ढक्कन) में हमारी रोज़ी-रोटी डूब जाती है। सवारी लेने से पहले डर लगता है कि कहीं कोई और हादसा न हो जाए।”
भविष्य की चेतावनी और समाधान की मांग
यह घटना प्रशासन के लिए चेतावनी है। यदि समय रहते:
- नालियों को मजबूत कर ढक्कन लगाए जाएं,
- सड़क की मरम्मत की जाए,
- और भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किया जाए,
तो इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
स्ट्रेट माइल रोड पर डम्पर का धंसना सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि सिस्टम की पोल खोलने वाली घटना है। प्रशासन को अब अस्थायी नहीं, स्थायी समाधान की ओर कदम बढ़ाने होंगे। वरना आने वाले दिनों में यह सड़के और नालियां किसी बड़ी त्रासदी की कहानी लिख सकती हैं — जिसकी कीमत आम नागरिकों को अपनी जान या आजीविका से चुकानी पड़ सकती है।













