- मेयर के आरोपों पर बुधवार को जवाब देंगे सरयू राय, बोले- ‘नियम-कानून की जानकारी नहीं’
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम की मंगलवार को हुई बोर्ड बैठक के बाद उठे विवाद को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि वह मेयर के आरोपों का विस्तृत जवाब बुधवार को देंगे। उन्होंने कहा कि पहले वह बैठक में शामिल वार्ड पार्षदों का पक्ष जानना चाहते हैं, इसके बाद पूरे मामले पर अपना विधिवत बयान जारी करेंगे।
सरयू राय ने कहा कि बोर्ड बैठक के बाद मेयर की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर वह बुधवार तक इंतजार करेंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में मौजूद वार्ड पार्षद स्वयं स्पष्ट करें कि क्या वे किसी गुट विशेष से जुड़े हैं या नहीं। इसके बाद ही वह मेयर के बयान पर विस्तार से प्रतिक्रिया देंगे।
‘मेयर को नगर निगम के नियम-कानून की जानकारी नहीं’
सरयू राय ने मेयर पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें नगर निगम संचालन से जुड़े नियम-कानून की पर्याप्त जानकारी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम के प्रशासनिक अधिकार अपर नगर आयुक्त के पास होते हैं, जबकि बोर्ड बैठक की अध्यक्षता मेयर द्वारा की जाती है।
उन्होंने कहा कि यदि मेयर बैठक की अध्यक्षता नहीं करती हैं तो नियमानुसार उप महापौर बैठक की अध्यक्षता कर सकते हैं। यदि उप महापौर भी मौजूद नहीं हों तो वार्ड पार्षद अपने बीच से किसी वरिष्ठ पार्षद का चयन कर बैठक की अध्यक्षता करा सकते हैं और बैठक की कार्यवाही के मिनट्स पर हस्ताक्षर किए जा सकते हैं।
एजेंडा नहीं मिलने का भी उठाया मुद्दा
सरयू राय ने कहा कि मंगलवार की बोर्ड बैठक से पहले उन्हें सुबह 11 बजे तक बैठक का एजेंडा नहीं मिला था। उन्होंने बताया कि एजेंडा नहीं मिलने के कारण उन्होंने ई-मेल के माध्यम से अपर नगर आयुक्त को इसकी जानकारी देते हुए बैठक में शामिल नहीं होने की इच्छा जताई थी।
उनके अनुसार, इसके बाद कई अधिकारियों और वार्ड पार्षदों ने फोन कर उनसे बैठक में शामिल होने का आग्रह किया। उन्हें बताया गया कि पिछली बैठक उनके कारण स्थगित हो गई थी और इस बार बैठक में गंभीरता बरती जाएगी। इसके बाद वह बोर्ड बैठक में शामिल होने पहुंचे।

‘मेरी मौजूदगी से मेयर असहज क्यों हुईं, वही जानें’
विधायक ने कहा कि उनकी उपस्थिति को मेयर ने किस रूप में लिया या उनकी मौजूदगी से उन्हें असहज स्थिति क्यों महसूस हुई, यह वही बेहतर बता सकती हैं। उन्होंने कहा कि वह बैठक में शामिल पार्षदों का रुख भी देखेंगे, क्योंकि मेयर की ओर से कुछ पार्षदों को उनके गुट से जुड़े होने का आरोप लगाया गया है।
सरयू राय ने कहा कि बुधवार को वह वार्ड पार्षदों की प्रतिक्रिया देखने के बाद मानगो नगर निगम कार्यालय जाएंगे। वहां वह अपर नगर आयुक्त से मुलाकात कर यह जानना चाहेंगे कि क्या नगर निगम के संचालन में नियम-कानून और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।
राज्य सरकार को भी लिखेंगे पत्र
सरयू राय ने कहा कि अपर नगर आयुक्त से बातचीत और मंगलवार की बोर्ड बैठक से जुड़े पूरे घटनाक्रम के बाद वह राज्य सरकार को भी पत्र लिखेंगे। इसके बाद वह पूरे मामले पर अपना विस्तृत वक्तव्य जारी करेंगे।
उन्होंने मेयर के मंगलवार के बयान को नादानीपूर्ण, दुर्भाग्यपूर्ण और नासमझी का द्योतक बताया। हालांकि, पूरे विवाद पर अब बुधवार को सरयू राय के विस्तृत जवाब और मानगो नगर निगम के पार्षदों के रुख पर सभी की नजर रहेगी।














