सरिया (गिरिडीह), 27 जुलाई। सरिया प्रखंड के कुसमाडीह गांव में सोमवार को बगोदर विधानसभा के लोकप्रिय नेता श्री शत्रुध्न प्रसाद मंडल के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण जनसंपर्क एवं संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़की सरिया नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री फागू पंडित एवं उप प्रमुख रामदेव यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत गांव के दर्जनों युवाओं द्वारा श्री शत्रुध्न प्रसाद मंडल का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत कर की गई। इसके बाद आयोजित बैठक में कुसमाडीह गांव के सैकड़ों महिला, पुरुष और बुजुर्ग शामिल हुए तथा गांव की विभिन्न समस्याओं को विस्तार से रखा।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, विकास कार्यों सहित अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से नेता को अवगत कराया। इस पर श्री मंडल ने कई मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल फोन पर संपर्क कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आग्रह किया। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में संगठन को भी मजबूती देने पर चर्चा हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुषों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए “झारखंड मुक्ति मोर्चा जिंदाबाद” के नारों के बीच पार्टी की लिखित सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम के अंत में श्री शत्रुध्न प्रसाद मंडल ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
बैठक शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें गांव के युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।













