जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना पुलिस ने जमशेदपुर कोर्ट के पास से हुए युवक के अपहरण मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त एक ग्रे रंग की थार (निबंधन संख्या JH05DA 4721) भी जब्त कर ली है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि सुशील डे (पिता- राजेश डे), निवासी छायानगर, थाना सीतारामडेरा का जमशेदपुर कोर्ट के समीप से अपहरण कर लिया गया है। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ में घटना की पुष्टि होने के बाद थाना दैनिकी दर्ज की गई तथा स्वयं के फर्दबयान के आधार पर सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 74/2026 संबंधित धाराओं में दर्ज कर त्वरित जांच एवं छापेमारी शुरू की गई।
अपहृत युवक को उसी दिन सकुशल कराया गया बरामद
तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 15 जुलाई को ही अपहृत युवक सुशील डे को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने 18 जुलाई 2026 को प्राथमिकी नामजद अभियुक्त मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती और कृष्णा यादव उर्फ दबंग को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- कृष्णा यादव उर्फ दबंग (23 वर्ष)
पिता – यादव
निवासी – आदर्श नगर, ग्वाला बस्ती, थाना सोनारी, पूर्वी सिंहभूम - मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती (लगभग 32 वर्ष)
पिता – स्व. राजू मोहंती
निवासी – सिंधी रिफ्यूजी कॉलोनी, थाना गोलमुरी, पूर्वी सिंहभूम
आरोपी पर दर्ज हैं कई संगीन मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती के खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, चोरी, धोखाधड़ी, मारपीट, पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत गोलमुरी, मानगो, सीतारामडेरा और ओलीडीह थाना में कुल 12 आपराधिक कांड दर्ज हैं।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से:
- अपहरण में प्रयुक्त ग्रे रंग की थार (JH05DA 4721) जब्त की।
- सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल फोन भी बरामद किया।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस अधिकारी
इस कार्रवाई का नेतृत्व सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने किया। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक सूरज प्रसाद, युवराज कुमार, अक्षय कुमार, मनोरंजन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक शंकर ठाकुर तथा सीतारामडेरा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच जारी है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
















