सरिया। बड़की सरैया नगर पंचायत क्षेत्र के कोवडियाटोला में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की संगठनात्मक बैठक उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं युवाओं ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता बड़की सरैया नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं झामुमो नेता फागु पंडित ने की। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में बगोदर विधानसभा क्षेत्र के झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य शत्रुघ्न प्रसाद मंडल तथा उपप्रमुख रामदेव यादव मौजूद रहे।
बैठक में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली सहित कई स्थानीय समस्याओं को नेताओं के समक्ष रखा। नेताओं ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि शत्रुघ्न प्रसाद मंडल ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान झामुमो की नीतियों और जनहित के कार्यों से प्रभावित होकर दयानंद सोनी, बिनोद सोनार, अर्जुन सोनार, मिसरी सोनार, धीरेन्द्र, बिरेन्द्र, प्रदीप, अजीत, लक्ष्मी सोनार, दीपक, मंटू, संतोष, देवकी, गणेश, पिंटू, विजय, किशोर, बंटी और सुबोध सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सभी नए सदस्यों का पार्टी का झंडा और पट्टा पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
बैठक के अंत में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया गया। नेताओं ने कहा कि झामुमो जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए लगातार जमीनी स्तर पर सक्रिय है और संगठन को मजबूत बनाकर विकास एवं जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।













