
Crime Diary: देहरादून के चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड, जिसे सिल्वर सिटी जिम कांड के नाम से भी जाना जा रहा है, में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 1 लाख रुपये के इनामी आरोपी यशराज सिंह को देहरादून पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी को पूरे मामले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यशराज इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्रम शर्मा की हत्या की पूरी योजना बनाई और वारदात को अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पूछताछ में कई ऐसे खुलासे हुए हैं, जिनसे इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की परतें खुलनी शुरू हो गई हैं।
दिल्ली और नोएडा में भी हुई थी हत्या की कोशिश
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपियों ने दिसंबर 2025 में ही विक्रम शर्मा की हत्या की साजिश रच ली थी। इसके तहत दिल्ली और नोएडा में भी हत्या की कोशिश की गई थी, लेकिन भीड़भाड़ और मौके की परिस्थितियों के कारण आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। इसके बाद देहरादून में सिल्वर सिटी जिम के बाहर रेकी कर हत्या की योजना को अंतिम रूप दिया गया।
डिजिटल ट्रेल से खुल सकते हैं कई राज
पुलिस के अनुसार, यशराज ने ही शूटरों को रांची से दिल्ली भेजने के लिए Paytm के जरिए फ्लाइट टिकट और अन्य खर्चों की व्यवस्था की थी। वारदात में इस्तेमाल स्कूटी, होटल बुकिंग और अन्य जरूरी भुगतान भी UPI के माध्यम से किए गए थे। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस डिजिटल ट्रांजैक्शन से पूरे आपराधिक नेटवर्क का बड़ा खुलासा हो सकता है।
खड़गपुर में छिपा था आरोपी
हत्या के बाद यशराज लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह कुछ समय तक खड़गपुर में अपनी बुआ के घर छिपकर रह रहा था। STF लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही थी और आखिरकार उसे सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
दुमका जेल में गैंगस्टर अखिलेश सिंह से मुलाकात
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले यशराज दुमका जेल गया था, जहां उसने जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद पुलिस अब इस केस को बड़े आपराधिक नेटवर्क और गैंग कनेक्शन के एंगल से भी जांच रही है।
सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश सिंह से मुलाकात के बाद यशराज ने किसी माध्यम से खुद ही देहरादून STF को सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस ने सहारनपुर में जाल बिछाकर उसे दबोच लिया।
STF को और बड़े खुलासों की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यशराज की गिरफ्तारी के बाद इस हत्याकांड में और भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। STF और स्थानीय पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, फाइनेंसरों और संभावित साजिशकर्ताओं की तलाश में जुट गई है।
इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में आने वाले दिनों में कई और बड़े नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।















