
सरिया (गिरिडीह): SARIA नगर के वार्ड नंबर 9 में बीते दो दिनों से उत्पन्न बिजली संकट का आखिरकार समाधान हो गया। पूर्व में लगा 100 केवीए ट्रांसफार्मर अचानक जल जाने के कारण पूरे इलाके में अंधेरा छा गया था, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने अपनी समस्या बड़की सरिया नगर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष के पति फागू पंडित के समक्ष रखी। मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए उन्होंने त्वरित पहल की और मात्र दो दिनों के भीतर पुराने 100 केवीए ट्रांसफार्मर की जगह अधिक क्षमता वाला 200 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित करवा दिया।
नए ट्रांसफार्मर का विधिवत उद्घाटन झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य शत्रुध्न प्रसाद मंडल एवं बड़की सरिया नगर अध्यक्ष श्रीमती शोभा देवी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर फीता काटकर तथा पूजा-अर्चना के साथ ट्रांसफार्मर का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में बिजली विभाग के हेड मिस्त्री राजेश रवानी, सोनू कुमार सहित कई तकनीकी कर्मी उपस्थित रहे। वहीं समाजसेवी सत्यनारायण मंडल, बिनोद ठाकुर एवं दर्जनों वार्ड निवासी भी मौके पर मौजूद रहे।
नए ट्रांसफार्मर के लगने से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की और जनप्रतिनिधियों के त्वरित प्रयास की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ी हुई क्षमता वाले ट्रांसफार्मर से अब बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से होगी और भविष्य में इस तरह की समस्या से राहत मिलेगी।
यह पहल दर्शाती है कि यदि जनप्रतिनिधि तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, तो आम जनता की समस्याओं का समाधान तेजी से संभव है। सरिया नगर में लगा नया 200 केवीए ट्रांसफार्मर न केवल बिजली संकट का अंत करेगा, बल्कि क्षेत्र के विकास की दिशा में भी एक सकारात्मक कदम साबित होगा।














