
जमशेदपुर : झारखंड में पहली बार आयोजित हो रहे नगर निगम चुनाव से पहले मानगो नगर निगम क्षेत्र में मतदाता सूची को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन, पूर्वी सिंहभूम (झारखंड) के जिला अध्यक्ष श्री एस. एन. पाल ने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए बताया कि बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित हो रहे हैं।

मतदाता सूची से नाम गायब, मतदान पर संकट
एसोसिएशन को प्राप्त शिकायतों के अनुसार मानगो नगर निगम क्षेत्र में क्रमांक संख्या 951 से 1038 तक के कई मतदाताओं के नाम या तो मतदाता सूची से हट गए हैं या फिर बिना सूचना के अन्य स्थानों पर स्थानांतरित कर दिए गए हैं। इसके कारण संबंधित मतदाता मतदान केंद्र पर पहुंचने के बावजूद वोट नहीं डाल पा रहे हैं।
शिकायतों के बावजूद नहीं मिला समाधान
श्री पाल ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर संगठन द्वारा क्षेत्र के विधायक, सांसद एवं वार्ड परिषद प्रत्याशियों को समय-समय पर लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब या ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे आम नागरिकों में निराशा और आक्रोश की भावना बढ़ती जा रही है।
जनता में बढ़ता असंतोष
मताधिकार से वंचित होना लोकतंत्र के मूल अधिकारों का हनन है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो इससे चुनावी माहौल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन, पूर्वी सिंहभूम ने जिला प्रशासन एवं संबंधित चुनावी प्राधिकारियों से आग्रह किया है कि वे इस मामले का तत्काल संज्ञान लें और मतदाता सूची में हुई त्रुटियों को शीघ्र सुधारें, ताकि कोई भी नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे।
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव की अपील
संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी मतदाताओं को बिना किसी बाधा के मतदान का अवसर मिलना चाहिए, जिससे नगर निगम चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।











































