लखनऊ । राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवती को उसकी सहेली ने बहला-फुसलाकर अपने ब्वायफ्रेंड के कमरे में बुलाया, जहां उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म का शिकार बनाया गया। पीड़िता की सहेली ने इस वारदात का अश्लील वीडियो भी बना लिया, ताकि शिकायत करने पर उसे धमकाया जा सके।
- दोनों आरोपी गिरफ्तार, अश्लील वीडियो बनाकर दी गई थी धमकी
किसी तरह चंगुल से छूटकर पीड़िता घर पहुंची और अपने भाई को पूरी घटना बताई। भाई की मदद से पीड़िता ने थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
सआदतगंज इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्या ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में कैसरबाग के जंबूरखाना मछली मोहल्ला निवासी शाकिबा और सआदतगंज के जवाई टोला निवासी अली उर्फ मोहम्मद मेहरान शामिल हैं। दोनों लिव-इन रिलेशन में रहते हैं, जिसकी जानकारी पीड़िता को नहीं थी।
जांच में सामने आया कि पीड़िता की दोस्ती पढ़ाई के दौरान शाकिबा से हुई थी। इसी रिश्ते का फायदा उठाकर उसने साजिश रची। 26 अगस्त को शाकिबा ने पीड़िता को फोन कर कैसरबाग बुलाया और स्कूटी से मेहरान के घर ले गई। वहां पहले से मेहरान मौजूद था। शाकिबा ने अपनी सहेली को उसके साथ जाने के लिए कहा। जब पीड़िता ने विरोध किया तो मेहरान ने उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म किया और शाकिबा इस दौरान वीडियो बनाती रही।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।













