रांची: झारखंड के चतरा जिले से एक दुखद और रहस्यमय घटना सामने आई है। यहां सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली, हालांकि घटना को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं और पुलिस व एसएसबी दोनों मामले की जांच कर रहे हैं।
सिमरिया क्षेत्र के शिला पिकेट में हुई घटना
यह घटना मंगलवार देर रात सिमरिया थाना क्षेत्र के शिला पिकेट में हुई बताई जा रही है जानकारी के अनुसार 35वीं बटालियन में तैनात जवान प्रह्लाद सिंह (निवासी देवघर) ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पहुंचे पुलिस और एसएसबी अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही चतरा के एसपी सुमित कुमार अग्रवाल और एसएसबी के कमांडेंट मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पीछे छोड़ गए परिवार
मृतक जवान प्रह्लाद सिंह की नौकरी वर्ष 2017 में लगी थी और उनकी शादी 2018 में हुई थी उनके परिवार में पत्नी और एक छोटी बेटी है। बताया जा रहा है कि वे करीब एक महीने पहले ही छुट्टी से लौटकर ड्यूटी पर आए थे।
आखिरी बार शाम को हुई थी बात
मृतक के भाई रोहित कुमार के अनुसार मंगलवार शाम करीब 5 बजे उनकी आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस समय प्रह्लाद सिंह ने बताया था कि वे क्रिकेट खेलने जा रहे हैं और बाद में प्रार्थना सभा में शामिल होंगे।
घटना को लेकर उठ रहे कई सवाल
इस घटना के बाद कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कैंप के अंदर कोई जवान अपनी सर्विस राइफल को कॉक कर क्यों रखेगा साथ ही मीडिया कर्मियों के साथ कथित बदसलूकी और खबर कवर करने से रोकने की कोशिश ने भी संदेह को और बढ़ा दिया है।
जांच के बाद ही सामने आएगी सच्चाई
पुलिस और एसएसबी के अधिकारी फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहे हैं मृतक के भाई का भी कहना है कि अभी मिसफायर की बात सामने आ रही है, लेकिन असली सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी चतरा में एसएसबी जवान की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पूरे मामले की गहन जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह आत्महत्या थी, मिसफायर था या इसके पीछे कोई और कारण।








