Entertainment News: चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान को लेकर एक बयान चर्चा का विषय बन गया है। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा है कि अगर सारा अली खान मंदिर में दर्शन करना चाहती हैं तो उन्हें एक एफिडेविट (शपथ पत्र) देना होगा कि उनकी आस्था सनातन धर्म में है।
दरअसल 19 अप्रैल से उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शुरू होने वाली है। इसे लेकर मंदिर समिति जोर-शोर से तैयारियों में लगी हुई है। इसी संबंध में 17 मार्च को BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
इस दौरान पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि क्या चारधाम मंदिर परिसर में गैर-हिंदुओं को प्रवेश मिलेगा। इस पर उन्होंने कहा कि मंदिर में सभी सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों का स्वागत है, लेकिन जो लोग सनातन धर्म में विश्वास नहीं रखते, उन्हें मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
हेमंत द्विवेदी ने उदाहरण देते हुए सारा अली खान का नाम लिया। उन्होंने कहा कि अगर सारा अली खान यह लिखित रूप से दे दें कि उनकी आस्था सनातन धर्म में है, तो उन्हें भी मंदिर में दर्शन करने की अनुमति दी जा सकती है।
उन्होंने कहा,
“अगर सारा अली खान कहेंगी कि सनातन धर्म में मेरी आस्था है और वह हमें एफिडेविट देंगी, तो हम उन्हें भी दर्शन करवा देंगे।”
क्यों चर्चा में आईं सारा अली खान
सारा अली खान अक्सर मंदिरों, गुरुद्वारों और दरगाहों में दर्शन करते हुए नजर आती हैं। उनकी धार्मिक आस्था और अलग-अलग धर्मस्थलों पर जाने की आदत को लेकर सोशल मीडिया पर पहले भी कई बार चर्चा हो चुकी है।
अब चारधाम यात्रा से पहले दिया गया यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
Feature Image: The image for this content was generated by AI.








