जमशेदपुर/घाटशिला। पूर्वी सिंहभूम की पुलिस ने मंगलवार को एक धमाकेदार छापामारी अभियान चलाकर उस खतरनाक गैंग का भंडाफोड़ किया है जो बेरोजगार युवाओं से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, जबरन वसूली और मारपीट करता था। पुलिस ने छापामारी में चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जबकि गैंग के सरगना समेत कई अपराधी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
गुप्त सूचना और तगड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पूर्वी सिंहभूम को गुप्त सूचना मिली कि घाटशिला थाना क्षेत्र और मउभंडार ओपी इलाके में फर्जी कंपनी के नाम पर बेरोजगार युवाओं से 25-25 हजार रुपये वसूले जा रहे हैं। साथ ही उन पर दबाव बनाया जाता था कि वे अपने नेटवर्क में और दो लोगों को जोड़ें।
युवाओं को बंधक बनाकर रखा जाता था, उनके साथ मारपीट होती थी और उन्हें घर जाने तक की अनुमति नहीं दी जाती थी।
छापामारी में बड़ा धमाका
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला के नेतृत्व में गठित टीम ने संयुक्त छापामारी कर MS Riya Enterprises (लालडीह, दहीगोड़ा) के फर्जी दफ्तर को सीज कर दिया और वहां काम कर रहे तीन युवकों को मौके पर दबोच लिया। साथ ही एक और आरोपी को पकड़ा गया जो बेरोजगार युवकों से मारपीट करता था।
पुलिस ने मौके से 179 युवक-युवतियों (छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के रहने वाले) को छुड़ाया। सभी को उनके घर सुरक्षित भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
- रोमेन्ट कुमार (28) पिता- बबलु राय, भोलाबगान छोटा गोविंदपुर, जमशेदपुर
- मोहन कुमार राणा पिता- गागो राणा, डोमचाच
- शिवम कुमार सिंह पिता- सुनिल सिंह, जिला वैशाली
- कुलदीप सिंह (34) पिता- स्व. परमजीत सिंह
मुख्य सरगना अब भी फरार
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि इस गैंग का मास्टरमाइंड राजू यादव (गया, बिहार) है। इसके साथ ही सुनिल यादव (समस्तीपुर), राहुल रंजन, अनिल और रवि चौहान के नाम भी सामने आए हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस टीम में शामिल थे
- श्री वंश नारायण सिंह (थाना प्रभारी, घाटशिला)
- पंकज कुमार (ओपी प्रभारी, मउभंडार)
- मनोज मरांडी (पु.अ.नि., मउभंडार)
- पंकज कालिंदी (पु.अ.नि., घाटशिला थाना)
खतरनाक नेटवर्क का अंत?
यह नेटवर्क नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर युवाओं को फंसाकर ठगी और बंधक बनाने का घिनौना खेल खेल रहा था। पुलिस की यह कार्रवाई घाटशिला क्षेत्र में चल रहे एक बड़े आपराधिक नेक्सस को ध्वस्त करने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है।












